हरदोई , मई 2 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बनियन खेड़ा गांव में नशे में धुत एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया है।दोनो शराब ठेके पर एक साथ गए थे और शराब के ठेके से लौटते समय विवाद हुआ।
पुलिस ने बताया कि बनियन खेड़ा निवासी ब्रजेश (30) अपने छोटे भाई सूरज के साथ गांव के पास स्थित शराब ठेके पर गया था। दोनों भाइयों ने वहां साथ बैठकर शराब पी। बताया जा रहा है कि वहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।नशे में धुत सूरज ने आपा खो दिया और सड़क किनारे पड़े डंडों से ब्रजेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।सूरज ने अपने भाई को तब तक पीटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों ने ब्रजेश काे लहूलुहान पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कासिमपुर पुलिस और गौसगंज चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी सूरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित