हरदोई , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रही दुल्हन का पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दुल्हन समेत कुल नौ लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कछौना थाना क्षेत्र में कटियामऊ गांव के पास हरदोई-लखनऊ मार्ग पर सुबह करीब साढ़े दस बजे तेज रफ्तार पिकअप डाला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वाहन में सण्डीला निवासी रचना और उसके परिजन सवार थे, जो हरदोई के आईटीआई में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जहां रचना का विवाह होना था।

हादसे में रचना के अलावा सावित्री, सपना, शशिकला, रामभरोसे, लोचन, रिंकी, संजय, नंदकिशोर और बबली घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल रचना, रिंकी, सपना, संजय और नंदकिशोर को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित