हरदोई , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते शनिवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान विजय प्रकाश (36) के रूप में हुई है, जो मथुरा औद्योगिक क्षेत्र में तैनात सेल्स टैक्स के डिप्टी कमिश्नर रावेंद्र कुमार राठौर के छोटे भाई बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के मुडरामऊ गांव निवासी विजय सुबह करीब सात बजे घर के बाहर खड़े थे, तभी गांव के महावीर और समरपाल अपने चार-पांच साथियों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए विजय घर के अंदर भागे, लेकिन हमलावर भी पीछे-पीछे घुस गए और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल विजय को पाली से हरदोई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व इन्हीं आरोपियों ने विजय के पिता दयाराम की भी हत्या की थी। उस मामले में आरोपी जेल गए थे, लेकिन लगभग एक वर्ष पूर्व जमानत पर रिहा हो गए थे। परिवार का कहना है कि गांव में गैस एजेंसी को लेकर भी विवाद चल रहा था। एजेंसी पहले विजय के नाम थी, जो कागजी त्रुटि के कारण निरस्त हो गई और बाद में आरोपित पक्ष के नाम हो गई। इसी रंजिश में हत्या की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित