हरदोई , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में एक युवक और विवाहित महिला के शव अलग-अलग पेड़ों से फंदे पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर गांव निवासी ज्ञानेश्वर (18) और सरोजनी (30) के शव शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर अलग-अलग स्थानों पर पेड़ों से लटके मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला के परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर इस संबंध का विरोध जताया था। इसके बाद दोनों अपने-अपने घरों से निकल गए और वापस नहीं लौटे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक का शव कुसुमखोर पुल के निकट जामुन के पेड़ से चारपाई के बान के सहारे लटका मिला, जबकि महिला का शव गांव से लगभग 500 मीटर दूर गूलर के पेड़ से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखे तो पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने फील्ड यूनिट की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित