हरदोई , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार शाम दो पक्षों में हुए विवाद में दो सगे भाइयो समेत तीन लोगो की मौत हो गयी।

एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ऊपर वाहन चढ़ाकर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया तो मृतक पक्ष ने वाहन चढाने वाले युवक और उसके भाई को घेर कर लाठी डंडो से पीट पीट कर मार डाला। घटना की सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पक्ष थाना क्षेत्र के ढोलिया निवासी देवी सहाय और गांव के ही शिवम व अमन कश्यप भूसा खरीद कर बेचने का काम करते थे। गुरुवार की रात रोजाना की तरह दोनों पक्ष भूसा लेकर कन्नौज के मानीमऊ गए थे। वहीं पर कुछ विवाद हुआ, हालांकि फिर शांत हो गया, लेकिन शुक्रवार करीब पांच बजे खूनी खेल हो गया। देवी सहाय गांव के बाहर मैदान में बैठे थे। अमन पिकअप चलाता है और वह पिकअप लेकर आया, उसने देवी सहाय पर चढ़ा दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

इसकी सूचना जैसे ही देवी सहाय के घरवालों को लगी तो वह लोग आए और अमन व उसके साथी शिवम को घेर लिया, और लाठी डंडों से हमला कर दिया। अमन की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिवम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस को खबर मिली तो एसपी समेत फोर्स मौके पर पहुंचा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित