हरदोई , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ईंट भट्ठे के गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबकर 11 वर्षीय एक बालक की मृत्यु हो गई। प्रशासन ने भट्ठा मालिक की लापरवाही मानते हुए भट्ठे को सीज करने तथा मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के कोर्रिया गांव स्थित रेखा ईंट भट्ठे के पास रहने वाले सियाराम गौतम का इकलौता पुत्र सचिन गौतम अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान गेंद भट्ठे के पास बने गहरे गड्ढे में भरे पानी में चली गई। गेंद निकालने के लिए सचिन जैसे ही गड्ढे में उतरा, वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया भट्ठा मालिक की लापरवाही मानते हुए भट्ठे को सीज करने तथा संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी सप्ताह एक अन्य ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मृत्यु हो गई थी। वहीं बुधवार को आंधी-पानी के दौरान दीवार गिरने और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में भी दो बालिकाओं की जान चली गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित