हरदोई , मई 5 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह गन्ने के खेत में लगे नीम के पेड़ से युवक और किशोरी के शव लटके मिले।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के बबुराई गांव में जाेगीपुर नौसारा गांव निवासी रवि कुशवाहा (25) और काजल कुशवाहा (16) के शव एक पेड़ से लटके मिले हैं। मृतक रिश्ते में चचेरे भाई बहन बताये जाते हैं। मृतक पर किशोरी के परिजनों ने सोमवार को पुलिस थाने में किशोरी की बहला फुसलाकर शादी के लिए भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।

दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। वे एक ही गांव के चचेरे भाई बहन बताए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि दोनों साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन एक ही गांव, बिरादरी और पारिवारिक रिश्तों व् सामजिक बंधनों के चलते परिजन दोनों के इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिजनों के विरोध के चलते दोनों घर से भागे और इसी दबाव के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। दोनों कल ही एक साथ घर से निकले थे जिसके बाद दोनों के परिजन दोनों की तलाश में जुटे थे लेकिन नहीं मिलने पर किशोरी के परिजनों ने रवि के खिलाफ पुलिस थाने में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा भी दर्ज कराया था।

पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी लेकिन सुबह दोनों के पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। प्रेमी ने अपने सीने पर लिखा था जो भी उन्हें देखे दफना दे। घटना की जानकारी पाकर दोनों के परिजन मौके पर है। पुलिस उनसे जानकारी जुटा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि शवों पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

शवों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित