हरदोई , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पत्नी के चरित्र पर शक के चलते रविवार को सुबह करीब दस बजे पति ने उसकी हत्या कर दी और शव को धान के खेत में फेंक दिया।
आरोप है कि पति लल्ला ने कुल्हाड़ी से हमला कर 23 वर्षीय पत्नी दुर्गा की हत्या कर दी। गांव से करीब 500 मीटर दूर बने मकान में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। खेत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आरोपी पति को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली शहर इलाके में सांडी-हरदोई मार्ग पर घमोइया पुल के पास शारदा नहर के नजदीक धान के खेत में 23 वर्षीय दुर्गा का सिर कटा शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्गा की शादी करीब पांच साल पहले घमोइया निवासी लल्ला सिंह से हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित