हरदोई , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संडीला संतोष सिंह ने बताया कि आटामऊ गांव के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी के निकट सड़क किनारे दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं।

मृतकों की पहचान हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के रैसो गांव निवासी अभिषेक उर्फ बबलू तथा लखनऊ के फैजुल्लागंज निवासी अरुण चौरसिया के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों निर्माणाधीन पानी की टंकी परियोजना से जुड़े थे। अरुण पिकअप वाहन चलाता था, जबकि अभिषेक उसके साथ रहकर कार्य में सहयोग करता था।

परिजनों के मुताबिक दोनों बुधवार सुबह लखनऊ से एक साथ निकले थे, जिसके बाद उनका संपर्क नहीं हो सका। गुरुवार सुबह दोनों के शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित