हरदोई , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डे पर बुधवार दोपहर एक हादसे में एक महिला की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव निवासी नेहा सिंह (32) पत्नी स्वर्गीय सर्वेश सिंह की मौत हो गई। नेहा एक निजी दवा कंपनी में कार्यरत थीं और उन्नाव के बांगरमऊ में आयोजित आधिकारिक बैठक में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। वह बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थीं, तभी कन्नौज डिपो और हरदोई डिपो की दो रोडवेज बसें आगे बढ़ीं। इसी दौरान वह दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसा दोनों बस चालकों की लापरवाही के कारण हुआ। उनका कहना है कि बिना यह देखे कि सामने कोई व्यक्ति मौजूद है या नहीं, दोनों बसों को आगे बढ़ा दिया गया, जिससे यह हादसा हो गया।
मृतका के देवर वीरेश सिंह ने बताया कि नेहा सिंह परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के लिए नौकरी कर रही थीं। करीब 10 वर्ष पहले उनके पति सर्वेश सिंह, जो ट्रक चालक थे, सड़क हादसे में डीसीएम और ट्रक के बीच फंसने से जान गंवा चुके थे। पति की मौत के बाद नेहा ने परिवार को संभालने की जिम्मेदारी उठाई थी। अब इस हादसे ने उनके परिवार पर दूसरा बड़ा दुख ला दिया है। नेहा अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी रिया सिंह और 11 वर्षीय बेटे विवेक को छोड़ गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित