हरदोई , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र के प्रतापनगर चौराहे पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराज़ ग्रामीणों ने प्रतापनगर-सीतापुर मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापनगर निवासी कौशिक शुक्ला उर्फ सन्नू (27) पुत्र देशदीपक शुक्ला सुबह अपनी कपड़े की दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बघौली की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे डम्फर ने सामने से आ रही डबल डेकर बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस और डम्फर चालकों के बीच कहासुनी होने लगी। बताया जाता है कि भीड़ बढ़ती देख डम्फर चालक वाहन लेकर सीतापुर की ओर भागने लगा। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े सन्नू को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में सन्नू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना चौकी इंचार्ज दीपक कुमार को दी गई, लेकिन उनके मौके पर न पहुंचने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रतापनगर से सीतापुर व हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि चौकी की दूरी मात्र 500 मीटर है, इसके बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। सूचना मिलते ही कोतवाल मार्कण्डेय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अपनी गाड़ी से सीएचसी कोथावां भिजवाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कोतवाल मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात डम्फर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस डम्फर और चालक की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित