हरदोई , मई 6 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के मल्लावां इलाके में सात साल के मासूम की हत्या के आरोपी 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने बुधवार तड़के मार गिराया।
पुलिस ने मासूम के साथ कुकर्म और उसकी हत्या करने के आरोपी मेहनूर उर्फ़ शहनूर को सुबह साढ़े तीन बजे एक मुठभेड़ में सीने पर गोली मारकर ढेर कर दिया। मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी को दाहिने हाथ में गोली लगी है जिनको उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। मासूम बच्चे को आरोपी ने एक मई को तब अगवा किया था जब वह गांव में लगे उर्स मेले को देखने गया था। आशंका है वही से अगवा करने के बाद मृतक अपराधी ने उसके साथ कुकर्म किया और उसके बाद पास में ही एक गन्ने के खेत में बच्चे को गद्दे में दबा दिया था।
बच्चे की हत्या करने के बाद आरोपी और उसके दूसरे साथियो ने बच्चे को वापस करने के लिए मृतक बच्चे के परिजनों से आठ लाख रुपए की फिरौती पहले बैंक खाते में फिर यूपीआई के जरिये भी मांगी थी। परिजनों के मुताबिक घटना में शामिल आरोपियों की निशानदेही पर बच्चे का शव पुलिस ने बरामद किया था।फिलहाल पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल 50 हजार का इनामी आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत होने का दावा किया है।
मल्लावा कोतवाली इलाके में पांच मई को मटियामऊ गांव के पास मक्के के खेत में एक गड्ढे में 7 वर्षीय बालक का शव बरामद किया गया था। यह मासूम बालक एक मई को गांव में उर्स का मेला देखने कहकर घर से गया था जिसके बाद बच्चा वापस नहीं लौटा। बच्चे के न मिलने पर पिता ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक उसके बाद 3 मई को मृत बालक के पिता से आठ लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। जिसके बाद पुलिस टीम कानपुर के रावतपुर में गयी थी। उसी के बाद पकड़े गए एक बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने बालक का शव बरामद किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित