हरदोई , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार शाम एक आतिशबाज के घर में पटाखे बनाते समय भीषण विस्फोट हो गया । धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा। इस घटना में घर में मौजूद दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सांडी थाने के कस्बे के मोहल्ला औलाद गंज की है, जहां आतिशबाज खुर्शीद के घर विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि पटाखे बनाए जाने के दौरान यह धमाका हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि धमाका होते ही पूरे घर के बाहर धुआं और मलबा फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग भी अचानक हुए इस विस्फोट से सहम गए हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है और विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित