हरदोई , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल और महिला अभिभावक के बीच कॉपी-किताब को लेकर हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में आया, जांच बैठाई गई, छात्र संगठन सड़कों पर उतर आए और अंततः प्रिंसिपल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। रविवार को सोशल मीडिया पर 24 अप्रैल का हरदोई के कैनाल रोड स्थित सिविल लाइन क्षेत्र के सनबीम स्कूल का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा एक महिला अभिभावक नीलम वर्मा से तीखी बहस करती दिखाई दे रही हैं और बार-बार "शटअप" जैसे शब्दों का प्रयोग कर रही हैं।

पीड़िता नीलम वर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी को केवल इस कारण होमवर्क नहीं दिया जा रहा था क्योंकि उन्होंने स्कूल से महंगी कॉपियां नहीं खरीदी थीं। जब वह प्रिंसिपल से कुछ दिन की मोहलत मांगने पहुंचीं तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और बच्चे का नाम काटने की धमकी दी गई।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) हरदोई डॉ. अजीत सिंह तीन सदस्यीय जांच टीम और पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे। जांच टीम ने प्रिंसिपल समेत अन्य शिक्षकों के बयान दर्ज किए, स्कूल के अभिलेखों की जांच की और सीसीटीवी डीवीआर को कब्जे में ले लिया।

जांच के दौरान प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर अपनी गलती स्वीकार की, हालांकि कॉपी-किताब से जुड़े आरोपों को उन्होंने नकारते हुए इसे साजिश बताया।

इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने भी स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। बढ़ते दबाव के बीच प्रिंसिपल ने छात्रों और मीडिया के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। फिलहाल जांच जारी है और टीम अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। हालांकि जांच अधिकारियों के अनुसार मामले में स्कूल पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। इस पूरे विवाद ने एक बार फिर निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली और अभिभावकों पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित