हरदोई , सितम्बर 11 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम ने पिहानी थाना क्षेत्र से अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

यह गिरोह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से आधुनिक 30 पैट्रर्न की देशी पिस्टलें लाकर हरदोई और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से .32 बोर की 5 अवैध देशी पिस्टल और कुल 10 मैगजीन बरामद की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत स्वाट, सर्विलांस और थाना पिहानी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिहानी कोतवाली इलाके में एफसीआई गोदाम के पीछे कुछ लोग अवैध असलहे बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर मौके से तीन अभियुक्तों रवि कुमार, मोबीन और मो रियासत को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सप्लायर बिजनौर निवासी रवि कुमार है। रवि मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले स्थित पचौरी गांव के जंगलों से 15 से 17 राउंड क्षमता वाली 30 पैटर्न की देशी पिस्टल महज 14 से 15 हजार रुपये में खरीदकर लाता था। इसके बाद वह इन्हें यहां 28 से 32 हजार रुपये तक में स्थानीय स्तर पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था।रवि कुमार का साथी मोबीन से संपर्क हिमाचल प्रदेश की एक दवा फैक्ट्री में काम के दौरान हुआ था, जिसके बाद मोबीन के कहने पर रवि हरदोई में पिस्टल की डिलीवरी देने पिहानी के रियासत को देने आया था लेकिन पिस्टल की डिलीवरी करते समय पुलिस ने तीनो को मौके से गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी रवि पर दिल्ली की स्पेशल सेल और यूपी में आर्म्स एक्ट समेत पहले से 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पिहानी पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि इस गिरोह ने हरदोई और आसपास के क्षेत्रों में अब तक कितने लोगों को अवैध हथियारों की सप्लाई की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित