हरदोई , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के भरावन विकासखंड का हाजीपुर गांव अब आधिकारिक रूप से सियारामपुर के नाम से जाना जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गांव का नाम परिवर्तन किया गया है। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने और शासन से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद यह निर्णय लागू हो चुका है। इसकी जानकारी स्वयं मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल के माध्यम से साझा की गई है। इस गांव का नाम बदलने का प्रस्ताव जिला पंचायत से प्रदेश सरकार को भेजा गया था ,स्थानीय निकाय से एमएलसी अशोक अग्रवाल ने नाम बदलने के लिए जिला पंचायत में प्रस्ताव दिया था। इस गांव में सभी हिन्दू परिवार ही रहते है लेकिन गांव का नाम हाजीपुर था।
उत्तर प्रदेश में तमाम शहरों , पंचायतों के नाम बदलने के क्रम में हाजीपुर गांव का नाम बदलने को लेकर विगत 29 अप्रैल 2025 को हरदोई की स्थानीय निकाय से विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने गांव का नाम बदलकर सियारामपुर रखने का प्रस्ताव जिला पंचायत की बैठक में रखा था। यह प्रस्ताव जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुआ। इसके बाद प्रस्ताव को जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा गया,जहां से स्वीकृति मिलने पर नाम परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित