हरिद्वार , नवंबर 01 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में रविवार को शांति व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने के आरोप में नगर कोतवाली पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है। पुरोहित मोड़ के पास आपस में लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज कर रहे ये लोग पुलिस के समझाने के बावजूद शांत नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार,रविवार को हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुरोहित मोड़ के पास कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि आठ व्यक्ति आपस में गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह और अधिक उत्तेजित होकर हंगामा करने लगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित