मुंबई , अप्रैल 30 -- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए कुछ भी सही नहीं हो रहा है। बुधवार की रात, उन्होंने पहली पारी का अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन वह भी काम नहीं आया, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद ने 244 रनों के लक्ष्य का पीछा आठ गेंदें शेष रहते ही कर लिया। इस हार ने मुंबई को आख़िरी पायदान की जंग में धकेल दिया है। आठ मैचों के बाद उनके और लखनऊ सुपर जायंट्स के अंक (4) बराबर हैं, और मुंबई केवल नेट रन रेट के आधार पर आगे है।
मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का असामान्य फैसला लिया था। वानखेड़े स्टेडियम में पिछले 21 आईपीएल मैचों में टॉस जीतने वाली टीम ने गेंदबाज़ी चुनी थी। टीमें आमतौर पर लक्ष्य का पीछा करना पसंद करती हैं क्योंकि ओस की वजह से दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करना आसान हो जाता है, लेकिन हार्दिक को नहीं लगा कि उस दिन ऐसा कुछ था।
पोस्ट मैच इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि ओस ने कोई बड़ी भूमिका निभाई, बस उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले। हमने कुछ ख़राब गेंदें फेंकीं और उन्हें तेज शुरुआत मिल गई। मुझे लगता है कि हमने वापसी की कोशिश की, लेकिन वह काफ़ी नहीं था।"हार्दिक का मानना था कि मुंबई को ज़्यादातर मौक़ों पर इस स्कोर का बचाव कर लेना चाहिए था। "मुझे लगता है कि 244 रन रोकने के लिए मैं अपने गेंदबाज़ों पर भरोसा करूंगा, लेकिन हां, किसी और दिन। आज हम रणनीति को मैदान पर सही से लागू नहीं कर पाए।"हैदराबाद की इस शानदार जीत की बुनियाद पहले छह ओवरों में ही पड़ गई थी, जहां ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने उन्हें बिना किसी नुक़सान के 92 रनों के पावरप्ले स्कोर तक पहुंचा दिया। इस दौरान मुंबई के पास मौक़े थे। नमन धीर ने दो कैच छोड़े, विल जैक्स एक मुश्किल कैच नहीं लपक पाए, और मुंबई हेड के बल्ले का वह किनारा भी नहीं पहचान पाई जिस पर वे रिव्यू ले सकते थे।
हार्दिक ने कहा, "यह सीज़न कुछ ऐसा ही रहा है। जब आपको एक-दो मौक़े मिलते हैं और आप उन्हें लपक लेते हैं, तभी किस्मत और लय बदलती है। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो यह आपको नुक़सान पहुंचाता है, लेकिन फिर भी ठीक है, सभी लड़कों ने बहुत अच्छी कोशिश की। उन्होंने अपना सब कुछ झोंक दिया, बस बात नहीं बनी।"इस हार ने उन गेंदबाज़ी समस्याओं को उजागर कर दिया है जिसने पूरे सीज़न में मुंबई को परेशान किया है। कोई भी गेंदबाज हैदराबाद की रन गति पर लगाम नहीं लगा सका। यहां तक कि दिग्गज जसप्रीत बुमराह ने अपने चार ओवरों में 54 रन लुटाए जो सभी टी20 मैचों में उनका चौथा सबसे महंगा प्रदर्शन था और इम्पैक्ट प्लेयर शार्दुल ठाकुर का इस्तेमाल तक नहीं किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित