जयपुर , सितंबर 21 -- लोकमंथन 2026 के तहत 'लोकमंथन यात्रा जयपुर महानगर' का शुभारंभ सोमवार को श्री गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन के बाद जलेबी चौक से हुआ।

उपमुख्यमंत्री एवं लोकमंथन-2026 आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी ने यात्रा रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। लोकमंथन-2026 का मुख्य आयोजन आगामी चार से छह दिसंबर तक जयपुर में होगा।

यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यात्रा मार्ग को रंगोलियों से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर व्यापार मंडलों और समाजजनों की ओर से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी सहभागिता की। खिलाड़ियों ने साइकिलिंग, स्केटिंग, फुटबॉल, कबड्डी और सतोलिया सहित पारंपरिक एवं आधुनिक खेल गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चार से छह दिसंबर तक होने वाले लोकमंथन 2026 के पूर्व-आयोजन के रूप में यह यात्रा समाज जागरण और समाज को जोड़ने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा मूल रूप से लोक आधारित रही है और लोक जीवन के मूल्य प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ सामंजस्य तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि लोक से जुड़ाव ही लोककल्याण का आधार है और लोकमंथन से लोकमंगल का मार्ग प्रशस्त होगा। लोकमंथन यात्रा हवामहल, बड़ी चौपड़ और अल्बर्ट हॉल से होते हुए महारानी कॉलेज पहुंची। यहां लोक साहित्य, लोक संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित