कोलंबो , अगस्त 28 -- पिछले 15 वर्षों में कई मौकों पर श्रीलंका ने घरेलू मैदानों पर स्पिन गेंदबाज़ों के लिए बेहद अनुकूल पिचें तैयार की हैं, लेकिन मुख्य कोच गैरी कर्स्टन चाहते हैं कि आगे आने वाली सीरीज़ में उसी तरह की पिचें तैयार की जाएं, जैसा भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई सीरीज़ के दौरान थीं।
इस सीरीज़ के दौरान कुल 67 विकेट गिरे, जिसमें से तेज़ गेंदबाज़ों ने 24 विकेट लिए। श्रीलंका के लिए असिता फ़र्नांडो सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 20 की औसत से 10 विकेट लिए और सीरीज़ में कुल मिलाकर दूसरे सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। पिचें बल्लेबाज़ी के लिए भी अच्छी थीं, जहां दोनों टीमों ने तीन-तीन शतक लगाए। सोनल दिनुशा ने तीन, देवदत्त पडिक्कल ने दो और ध्रुव जुरेल ने एक शतक जड़ा। दोनों टेस्ट पांचवें दिन तक पहुंचे, जबकि इससे पहले श्रीलंका में कई सीरीज़ धूलभरी पिचों पर स्पिनरों के क़हर के कारण जल्दी ख़त्म हो जाती थीं।
कर्स्टन का मानना है कि स्पोर्टिंग विकेट ही ऐसे क्रिकेटर तैयार करती हैं, जिनमें टेस्ट क्रिकेट में सफल होने के लिए ज़रूरी कौशल और धैर्य विकसित होता है।
कर्स्टन ने कहा, "मैं इस बात का बड़ा समर्थक हूं कि हम सिर्फ़ स्पिनरों के लिए पिचें तैयार न करें। हम ऐसी पिचें चाहते हैं जहां हमारे तेज़ गेंदबाज़ भी हमें मैच जिता सकें। इसी तरह से एक अच्छी क्रिकेट टीम विकसित होती है। हर तरह की परिस्थितियों में खेलकर टीमें बेहतर बनती हैं। टेस्ट सीरीज़ के लिए तैयार की गई दोनों पिचों से मैं बेहद प्रभावित था। इन पिचों पर नतीजा हासिल करने के लिए आपको मेहनत करनी पड़ती है। ये उस तरह की पिचें नहीं थीं, जहां तुरंत नतीजा निकल जाए।""हम चाहते थे कि हमारे बल्लेबाज़ बल्लेबाज़ी कर सकें। स्पिनरों को मेहनत करनी पड़े और तेज़ गेंदबाज़ भी खेल में बने रहें। गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में हमारे तेज़ गेंदबाज़ों ने दस में से सात विकेट लिए थे। यह देखकर मैं बेहद उत्साहित हूं कि हमारे तेज़ गेंदबाज़ खेल में प्रभाव डाल रहे हैं और मैं इसे आगे और विकसित करना चाहता हूं।"कर्स्टन ने विशेष रूप से असिता फ़र्नांडो की तारीफ की, जो पिछले कई वर्षों से श्रीलंका के मुख्य तेज़ गेंदबाज़ रहे हैं। 29 वर्षीय फ़र्नांडो के सामने अभी लंबा करियर है, लेकिन सवाल यह है कि उन्हें दूसरे छोर से कितना समर्थन मिलेगा। श्रीलंका के दूसरे प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ लाहिरु कुमारा ने इस सीरीज़ में 57.33 की औसत से सिर्फ़ तीन विकेट लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित