नयी दिल्ली , मार्च 19 -- एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के आधिकारिक पूल ड्रॉ और कार्यक्रम की घोषणा के बाद, भारतीय पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने गुरुवार को कहा कि हम इस पूल में हर विरोधी टीम का सम्मान करते है, लेकिन हमें उनके खिलाफ स्वयं पर भरोसा है।

भारत को पूल डी में शीर्ष वरीयता प्राप्त इंग्लैंड, चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और मजबूत टीम वेल्स के साथ रखा गया है। ग्रुप-चरण के सभी मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

टीम के साथ शिविर में ड्रॉ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए फुल्टन ने कहा, "हम उत्साहित हैं। यह एक मजबूत ग्रुप है, लेकिन विश्वकप में आप ठीक यही तो चाहते हैं कि आपकी परीक्षा सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ हो। टीम के शिविर में माहौल बहुत सकारात्मक है। खिलाड़ी प्रेरित और जीत के लिए भूखे हैं और अब जब हमें अपने विरोधियों के बारे में पता चल गया है, तो हमारी तैयारियों में हमें वास्तविक स्पष्टता और एकाग्रता मिलेगी।"उन्होंने कहा, "इंग्लैंड एक सुव्यवस्थित, शारीरिक रूप से मजबूत टीम है, जो हमारे पूल में शीर्ष वरीयता प्राप्त भी है। पाकिस्तान अपनी कलात्मकता, अप्रत्याशितता और समृद्ध हॉकी परंपरा के साथ आता है। यह ऐसी टीम नहीं है जिसे कभी हल्के में लिया जाए। वेल्स अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और वह ऊर्जा और दृढ़ संकल्प से भरा होगा। हम इस पूल में हर विरोधी का सम्मान करते हैं, लेकिन हम उन सभी के खिलाफ खुद पर भरोसा रखते हैं।"भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह एक विशेष मुकाबला है जो भारत के स्वतंत्रता दिवस के दिन पड़ रहा है। इसलिए कोचिंग स्टाफ ने पहले ही एक विस्तृत रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित