चंडीगढ़ , अक्टूबर 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान राम के आदर्श हमारे जीवन को सही दिशा देते हैं।

रामायण हमें यह सिखाती है कि धैर्य, मर्यादा, भाईचारे और सच्चाई के रास्ते पर चलकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने जीवन से बुराइयों को दूर कर समाज में अच्छाई, भाईचारे और प्रेम का संदेश फैलायें।

मुख्यमंत्री वीरवार को राम हनुमान रामलीला समिति लाडवा, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित रामलीला महाआरती में पहुंचे। समिति पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और गदा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इसका संदेश है कि चाहे बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसका नाश निश्चित है और सत्य व धर्म की हमेशा जीत होती है। हरियाणा सरकार भी राम के आदर्शों पर चलकर सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना से विकास कार्य करवा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन अक्टूबर को कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला ग्राउंड में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नये आपराधिक कानूनों के सकारात्मक परिणामों पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। अंग्रेजों के समय से चले आ रहे पुराने कानूनों को समाप्त कर देश में नये कानून लागू किये गये हैं। इनमें हरियाणा सबसे पहले इन्हें लागू करने वाला प्रदेश है। उन्होंने नागरिकों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित