हमीरपुर , सितम्बर 11 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्वाइन फ्लू के मरीज बढ़ने शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को एक और मासूम बच्चे में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद उसे इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। स्वाइन फ्लू के अभी तक दो मरीज हो गये है।

मुख्य चिकित्साधिकारी(सीएमओ) डा अलका शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि दो दिन पूर्व कानपुर के निजी अस्पताल में हमीरपुर के रमेड़ी मोहल्ला निवासी शिक्षक अमित यादव के सवा तीन साल के पुत्र में हरि को स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने की खबर सामने आई थी। हरि बीते सप्ताह बीमार हुआ था। शनिवार को उसकी कानपुर के निजी अस्पताल में जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। हरि इस वक्त वेंटिलेटर पर है। शुक्रवार को एक और दो वर्षीय मासूम बच्चे नकुल पुत्र शिवम कुमार निवासी कल्ला छानी थाना बिवांर के भी स्वाइन फ्लू से ग्रसित होने की पुष्टि हुई है।

नकुल का उपचार करने वाले डॉ आशुतोष निरंजन ने बताया कि खांसी और बुखार की शिकायत के बाद नकुल को जिला अस्पताल लाया गया था। एंटीजन टेस्ट में नकुल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसकी हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में 180 स्वाइन फ्लू की वैक्सीन सहित 1700 एडल्ट मरीजों के लिए कैप्सूल और 184 बच्चों के लिए कैप्सूल उपलब्ध है। वैक्सीन डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए है लेकिन अभी तक किसी ने वैक्सीन लगवाई नहीं है। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू का वार्ड बनाया गया है। दवाएं और वैक्सीन के साथ ही जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। डाक्टरों की टीम शीघ्र मरीज के गांव भेजकर वहां पर जांच करायी जायेगी ताकि इसका वायरस कही फैलने न पाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित