हमीरपुर , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में सोमवार को समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी की स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार चिकासी थाना क्षेत्र के टोला खंगारन गांव निवासी चंद्रपाल (20) अनुरागी राठ कस्बे से सामान लेकर शाम को बाइक से घर लौट रहा था। सेना रोड नहर बाईपास पर सामने से आ रही पूर्व सपा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा की स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वहीं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा ने बताया कि वह जराखर गांव से एक दाह संस्कार में शामिल होकर लौट रही थीं। उनके अनुसार सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से टक्कर हो गई और घटना जानबूझकर नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित