हमीरपुर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय का करीब दो घंटे तक घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जिलाधिकारी ने बाहर आकर ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण दो महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। वहीं कुछ महिलाओं ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को विरोध स्वरूप चूड़ियां पहनाने का प्रयास भी किया। पुलिस के अनुसार कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने की मांग को लेकर हमीरपुर, सुमेरपुर, मौदहा, कुरारा सहित कई गांवों के लोग एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि जिलाधिकारी स्वयं बाहर आकर उनकी समस्याएं सुनें और ज्ञापन स्वीकार करें।
आरोप है कि जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कार्यालय से बाहर आकर ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया। इससे नाराज प्रदर्शनकारी धूप में बैठकर जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। धरने में कांग्रेस, भाजपा और बसपा से जुड़े लोग भी शामिल रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
स्थिति को संभालने के लिए अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने कई बार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
इस दौरान ब्राह्मण एकता परिषद की महिला पदाधिकारी और अन्य महिलाएं भी आंदोलन में शामिल हो गईं, जिससे माहौल और गरमा गया। परिषद की महिला जिलाध्यक्ष दीपा तिवारी ने कहा कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं मौके पर नहीं आएंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन और गतिरोध के बाद आंदोलनकारी बिना ज्ञापन दिए वापस लौट गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी नगर पालिका परिषद स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए और आगे की रणनीति पर चर्चा की।
पुलिस प्रशासन वहां भी स्थिति पर नजर बनाए रहा। धरने में कांग्रेस नेता उज्ज्वल पाठक, दिनेश सिंह, बालजी पांडेय भारतवंशी समेत कई स्थानीय लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की समस्या के समाधान के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित