हमीरपुर , अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में शनिवार शाम को धनौरी गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने.सामने जोरदार भिड़ंत मे बाइक सवार चाचा.भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मुस्करा थाने के श्रीरामपुर गांव निवासी सर्वेश (28) अपने भतीजे अरविंद (19) के साथ शनिवार को शाम बाइक से अपनी बहन महोबा जिले के कुनाटा गांव जा रहे थे। तभी धनौरी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार आर्टिका कार से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चाचा भतीजे की मौके पर मौत हो गई।
दोनों अविवाहित थे, जबकि कार सवार मप्र के छतरपुर जिले के कमला कॉलोनी आजाद चौक निवासी मालती सिंह परिहार पत्नी रामपाल सिंह शनिवार को अपने पुत्र अर्पित सिंह परिहार उसके दोस्त गौरव शुक्ला निवासी हरपालपुर तथा रिश्तेदार वीर सिंह परिहार और हरि सिंह निवासी खुटला सिजौली फतेहपुर के साथ अर्टिगा कार से छतरपुर से फतेहपुर जा रहे थे। दुर्घटना में कार सवार सभी पांच लोग बुरी तरह घायल हो गये है। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने वाहन व चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित