हमीरपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र में गुरुवार को शराबी पति से तंग आकर एक महिला ने अपनी दो साल की मासूम बच्ची के साथ तालाब में छलांग लगा दी। इस घटना में बच्ची की मौत हो गयी जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुयी है। पुलिस ने बताया कि हुसैना गांव का भगत सिंह शराब का आदी था और रोजाना अपनी पत्नी शोभा के साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना और रोजाना मारपीट से तंग आकर गुरुवार को शोभा ने मासूम बच्ची को लेकर गांव के किनारे स्थित तालाब में छलांग लगा दी।
स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से महिला और बच्ची को बाहर निकाला गया। मासूम बच्ची की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि महिला को गंभीर हालत में सीएचसी मुस्करा में भर्ती कराया गया है। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक उसकी उपचार में लगे हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और घायल महिला की हालत का निरीक्षण किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित