हमीरपुर , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम पति से फोन पर विवाद के बाद एक विवाहिता ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सुमेरपुर क्षेत्र के पत्योरा गांव निवासी रेनू निषाद (35) के पति रमाकांत मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। सोमवार शाम रेनू की पति से फोन पर बातचीत हुई, जिसके दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि बातचीत समाप्त होने के तुरंत बाद रेनू ने घर के भीतर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग से वह गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे और घटना की जानकारी मुंबई में रह रहे पति रमाकांत को दी, जिसके बाद वह घर के लिए रवाना हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित