हमीरपुर , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में गुरुवार को जल निकासी की व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत की वर्तमान चेयरमैन आशारानी कबीर और पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कुरारा कस्बे के बस स्टैंड के पास वार्ड नौ में समाजवादी पार्टी की पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि का मकान है। मकान के सामने जल निकासी के लिए नाली बनी हुई है। बुधवार को नगर पंचायत कर्मचारियों ने दीवार के आगे बनी करीब नौ इंच की पट्टी को जेसीबी से तोड़ दिया था, जिसे बाद में दोबारा बना लिया गया।
गुरुवार दोपहर बाद मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर भाजपा की वर्तमान चेयरमैन आशारानी कबीर मौके पर जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचीं। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई।
चेयरमैन आशारानी कबीर ने पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं, पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि ने चेयरमैन आशारानी कबीर, नगर पंचायत के जेई, कर्मचारियों तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आशारानी कबीर ने आरोप लगाया कि वार्ड नौ में जल निकासी के निरीक्षण के दौरान माया वाल्मीकि ने उन पर जानलेवा हमला किया। वहीं, माया वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि चेयरमैन ने उनके मकान को क्षति पहुंचाई है और चुनाव के बाद से ही उनसे रंजिश रखती हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित