हमीरपुर , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पुल पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की रोडवेज बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया, जिससे करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के जरैली मड़ैया गांव निवासी फूलकली (55) अपने पुत्र बीरू के साथ बाइक से सुमेरपुर क्षेत्र के बड़ागांव में भतीजे के तिलक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक बेतवा पुल के पास पहुंची, पीछे से आ रही महोबा डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में पुत्र बीरू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को पुल पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते रहे।
जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें एंबुलेंस और रोडवेज बसें भी फंसी रहीं। सूचना पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल और नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर करीब चार घंटे बाद जाम खुलवाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित