हमीरपुर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में महिला के साथ अभद्रता और लात मारने के आरोप में एक दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम ई-रिक्शा चालक और एक महिला के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे दरोगा शिवशंकर पांडेय ने बीच-बचाव के दौरान महिला के साथ बदसलूकी की और उसे लात मारते हुए थाने ले जाने का प्रयास किया।

घटना को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर राजेश कमल को सौंपी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर देर रात ही दरोगा शिवशंकर पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित