हमीरपुर , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र में गुरुवार देर रात घर के बाहर बने कमरे में सो रहे एक बुजुर्ग अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार बिहूनी गांव निवासी ठाकुरदास अहिरवार (65) पुत्र काशीप्रसाद घर के बाहर बने कमरे में सो रहे थे। गुरुवार देर रात करीब एक बजे उनकी आठ वर्षीय नातिन अनीता मोबाइल चार्ज करने के लिए बाहर वाले कमरे में गई। वहां खून फैला देखकर वह चीखते हुए घर के अंदर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद नरेश ने कमरे में जाकर देखा तो ठाकुरदास की हत्या हो चुकी थी।
बताया गया कि मृतक का बड़ा बेटा इन्दल अपनी मां कुसमा रानी और दो बेटियों के साथ चित्रकूट गया हुआ था। घटना की जानकारी उसकी पत्नी राधा ने फोन पर इन्दल को दी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अरविंद कुमार वर्मा और क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल तथा आसपास के स्थानों का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले की पड़ताल जारी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित