हमीरपुर , मई 22 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को और बढ़ गया। जिलाधिकारी द्वारा अधिवक्ताओं से मुलाकात नहीं किए जाने से नाराज वकीलों ने नारेबाजी करते हुए रोड जाम कर प्रदर्शन किया। अधिवक्ता संघ के जिला महामंत्री अश्वनी कुमार प्रजापति एडवोकेट ने बताया कि नेशनल हाईवे पर डिवाइडर निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ के सदस्य अध्यक्ष महेंद्र सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिवक्ताओं के पहुंचने से पहले ही जिलाधिकारी अभिषेक गोयल कार्यालय से निकलकर एनआईसी कक्ष में चले गए। इससे नाराज अधिवक्ता वहां भी पहुंचे और नारेबाजी करने लगे, लेकिन जिलाधिकारी उनसे मिलने बाहर नहीं आए।

इसके बाद अधिवक्ताओं ने रोडवेज बस स्टैंड पहुंचकर सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका तबादला किए जाने की मांग की।

अधिवक्ता संघ के महामंत्री अश्वनी कुमार प्रजापति ने कहा कि अधिवक्ता जनहित के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और प्रशासन को इसमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता केवल केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने गए थे, लेकिन जिलाधिकारी के रवैये से सभी अधिवक्ता आहत हैं।

प्रदर्शन में इंद्रपाल यादव, जयपाल एडवोकेट, बेद प्रकाश त्रिपाठी, पवन यादव, विमल गुप्ता, अनुराग निगम, विनोद कुमार, पीयूष कुमार नामदेव सहित कई अधिवक्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित