हमीरपुर , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में बुधवार को गिट्टी लदे डंपर की टक्कर से एक ई-रिक्शा चालक और उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि हमीरपुर से सवारियां लेकर सुमेरपुर जा रहे ई-रिक्शा को क्षेत्र के नारायनपुर गांव के पास कबरई से गिट्टी लादकर कानपुर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर ई-रिक्शा को कुचलता हुआ हाईवे किनारे पलट गया।
हादसे में बड़ा कछार गांव निवासी ई-रिक्शा चालक बलिराम निषाद (40) और उनकी पत्नी संतोषी निषाद (37) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बांदा जिले के जसपुरा निवासी चांदनी, उसका पांच वर्षीय पुत्र अभि, सुरौली बुजुर्ग निवासी शिवकुमार निषाद तथा डंपर चालक काकू निवासी नवाबगंज, उन्नाव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद डंपर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित