हमीरपुर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने आए नौ वर्षीय बालक की तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मृत्यु हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और बारातियों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया तथा थाने में हंगामा करते हुए एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार जालौन जिले के चंदरसी कस्बा निवासी दीपक राजपूत की शादी मुस्करा थाना क्षेत्र के खड़ेही लोधन निवासी छत्रपाल राजपूत की पुत्री आकांक्षा के साथ राठ रोड स्थित एक पैलेस में हो रही थी। शादी समारोह में दीपक का बहनोई राजकुमार अपनी पत्नी और नौ वर्षीय पुत्र अनिकेत के साथ शामिल होने आया था। देर रात जयमाला कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राजकुमार अपने परिवार के साथ वापस उरई जाने के लिए गेस्ट हाउस से बाहर निकला। उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान राठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े अनिकेत को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।

घटना के बाद लोगों ने पीछा कर ट्रक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा के पास पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक का खलासी लोगों के हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद कुछ लोग थाने पहुंच गए और वहां हंगामा करते हुए एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई।

गुरुवार सुबह मृतक की मां बच्चे के शव को गोद में लेकर मुख्य चौराहे पर बैठ गईं। महिलाओं समेत परिजनों ने करीब तीन घंटे तक जाम लगाए रखा और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कुछ महिलाओं को थाने भेजा तथा तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित