हमीरपुर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में गुरुवार को ग्राम विकास अधिकारी ने बंद कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शाम को शव बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक प्रयागराज के नैनी निवासी राजू सिंह पटेल (38) मौदहा कस्बे में मानस कुमार गुप्ता के मकान में किराए पर अकेले रहते थे। वह विकास खंड मौदहा के अंतर्गत कुनहेटा, हिमौली और पारलदार ग्राम पंचायतों में सचिव के पद पर तैनात थे। सहकर्मी केशव ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह उनकी राजू सिंह पटेल से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह रात में बाहर गए थे किसी से बात नही करना चाहते है. इसके बाद फोन बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने सचिव की पत्नी श्वेता को सूचना दी।

पत्नी ने मौदहा में तैनात सचिव गिरीश पटेल को फोन कर कमरे पर जाकर बात कराने के लिए कहा। गिरीश पटेल अपने साथियों महेंद्र और योगेश के साथ शाम को मौके पर पहुंचे तो कमरे का ताला बाहर से बंद मिला। पत्नी के कहने पर ताला जब खोला गया तो ग्राम विकास अधिकारी का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर सभी के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम करनवीर सिंह बीडीओ राघवेंद्र सिंह तथा विकास खंड में तैनात अन्य सचिव मौके पर पहुंच गए। सूचना पर फॉरेन्सिक टीम चार बजे आई और शव की जांच पड़ताल कर शव को फन्दे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित