हमीरपुर , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में सोमवार को तालाब में नहाने गये तीन मासूम बच्चों की डूब कर मृत्यु हो गयी। तालाब में अवैध मिट्टी खनन से भारी भरकम गड्ढे हो गये थे।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के खंडेह गांव के कलारन तालाब में प्रबल (11) पुत्र घनश्याम यादव, आदित्य (9) पुत्र राजू कुशवाहा, सुमित(10) पुत्र सीताराम कुशवाहा सहित अन्य बच्चे नहाने गए थे लेकिन नहाते समय तीनों बच्चे पिछले साल अवैध मिट्टी खुदाई के चलते जगह जगह हुए गहरे गड्ढे में चले गए। हालांकि साथी बच्चों और आसपास के लोगों ने बच्चों को निकाल कर मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

तीन बच्चों की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई तथा लोगों ने अस्पताल पहुंच मृतक परिवार को सांत्वना देना भी शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध मिट्टी खुदायी से गड्ढे होने से बच्चो की मृत्यु हुई है। यदि मिट्टी खुदायी पर रोक लगा दी जाती तो शायद तीन परिवारों की जिंदगी बच जाती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित