हमीरपुर , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 आंबेडकर प्रतिमाओं के सुंदरीकरण का निर्णय लिया है। प्रत्येक स्थल पर 10 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके तहत हमीरपुर जिले में दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि योजना का उद्देश्य प्रतिमाओं के आसपास सुंदरीकरण कर उन्हें सुरक्षित बनाना है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से तनाव की स्थिति उत्पन्न होती रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए शासन ने यह पहल की है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रतिमा स्थल पर मौसमरोधी छत्र का निर्माण कराया जाएगा। पांच फीट ऊंची बाउंड्रीवाल, लॉकयुक्त गेट, बैठने के लिए बेंच, हरित क्षेत्र, प्लेटफॉर्म तथा अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युत कनेक्शन के साथ सौर ऊर्जा की भी व्यवस्था होगी।
इसके अलावा प्रतिमा स्थल के निकट तीन गुणा तीन फीट का सूचना बोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर बाबा साहब के जीवन और योगदान का संक्षिप्त विवरण अंकित रहेगा। रेलिंग और सीढ़ियां स्टील की लगाई जाएंगी।
योजना के क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी। विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं से आगणन प्राप्त करने के बाद बजट उपलब्ध होते ही कार्य आवंटित किया जाएगा। चयनित संस्था को तीन माह के भीतर कार्य पूर्ण करना होगा।
उन्होंने बताया कि जिले की हमीरपुर और राठ विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम चरण में 10-10 प्रतिमाओं के सुंदरीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से स्थलों की सूची मांगी जाएगी। शासन के इस निर्णय पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित