उदयपुर , सितम्बर 26 -- राजस्थान के मुुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार राज्य में विकास को गति देने का काम कर रही है।
श्री शर्मा ने यहां कहा कि कांगेस कहती थी कि राजस्थान में एक देश, एक चुनाव की व्यवस्था राजस्थान में लागू नहीं हो सकती। अब उसी के तहत हुए निकाय चुनाव में भारी समर्थन देकर जनता ने हमारी राज्य सरकार के काम पर मोहर लगा दी है। राज्य के 10 नगर निगम में से 9 में भाजपा के महापौर बन चुके हैं। वहीं, उदयपुर नगर निगम में लगातार सातवीं बार भाजपा का बोर्ड बना है।
श्री शर्मा ने शनिवार को उदयपुर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में मिली सफलता के बाद अब आगामी पंचायत चुनावों में संगठन को पूरी ताकत के साथ सरकार के विकास कार्यों का डंका प्रत्येक गांव, ग्राम पंचायत और वार्ड तक बजाना है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को केवल चुनाव न मानकर 'जनसेवा का महायज्ञ' मानकर काम करें। प्रत्येक बूथ के प्रत्येक लाभार्थी तक नियमित संपर्क कर प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार केवल वायदे करने में नहीं, बल्कि काम को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है। हमारी सरकार ने 33 महीनों में ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिन्हें कांग्रेस अपने पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई। कई क्षेत्रों में तो हमनें तीन गुना से लेकर 28 गुना तक ज्यादा काम किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो पानी जैसी मूलभूत सुविधा पर केवल राजनीति करती रही लेकिन हमने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्षाें से लंबित राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल परियोजना और किशाऊ परियोजना समझौते के कार्य को आगे बढ़ाया है। वहीं, राजस्थान रिफाइनरी का कार्य भी प्रारंभ हो गया है।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस के द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों, संयम और सकारात्मक संवाद से दिया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित