गोपालगंज,09सितंबर (वार्ता)राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत बुधवार को जिले में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने पोषण रथ एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं ने निर्मित पोषण रैली को हरी झंडी दिखाकर किया ।राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरियों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ पोषण संबंधी व्यवहार को बढ़ावा देना है।

इस वर्ष पोषण माह का मुख्य विषय "हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी" निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।

पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, परियोजना एवं जिला स्तर पर पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों से लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भी सहभागिता दर्ज की गई।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस)रंजना कुमारी, निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार चौबे, जिला पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जिला समन्वयक एनएनएम सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित