पटना , मई 21 -- िहार में ग्रामीण सड़क व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग की डिजिटल पहल 'हमारा बिहार, हमारी सड़क' ऐप के माध्यम से प्राप्त 96 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया है। ग्रामीण कार्य विभाग बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बारहमासी सड़क संपर्कता सुनिश्चित करने के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन को लेकर भी गंभीर है। इस दिशा में विभाग की ओर से संचालित हमारा बिहार हमारी सड़क ऐप अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। इस डिजिटल पहल के माध्यम से ग्रामीण जनता अब सीधे तौर पर अपने क्षेत्रों की ग्रामीण सड़कों से संबंधित समस्याओं की जानकारी विभाग तक पहुँचा रही है। इन शिकायतों का विभाग द्वारा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्यभर में ऐप के माध्यम से कुल 3,213 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3,102 शिकायतों का निष्पादन किया ज है। इस प्रकार 96 प्रतिशत से अधिक मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा चुका है। प्राप्त शिकायतों में से 2,476 मामलों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। इन शिकायतों के तहत संबंधित ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, सतह सुधार, गड्ढा भराई तथा अन्य अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 626 शिकायतों को विस्तृत जाँच एवं सत्यापन के उपरांत विधिवत बंद किया गया है। इन त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्तमान में पूरे राज्य में मात्र 111 शिकायतें ही लंबित हैं, जो कुल शिकायतों का केवल 3.45 प्रतिशत है।
प्रमंडलवार शिकायतों के निष्पादन के मामले में गया जोन का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा है, जहाँ सबसे कम 2.11 प्रतिशत शिकायतें लंबित हैं, यहाँ प्राप्त 426 शिकायतों में से 417 का समाधान किया जा चुका है। वहीं पटना जोन में मात्र 2.63 प्रतिशत शिकायतें लंबित हैं। इसके अलावा सर्वाधिक 721 शिकायतें प्राप्त करने वाले मुजफ्फरपुर जोन में भी 693 मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा चुका है।
हमारा बिहार हमारी सड़क ऐप ने विभाग और ग्रामीण जनता के बीच संवाद को अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाया है। अब सुदूर गाँवों में रहने वाला आम नागरिक भी मोबाइल के माध्यम से ग्रामीण सड़क संबंधी समस्या की सूचना सीधे विभाग तक पहुँचा सकता है। इससे न केवल विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय हुई है, बल्कि ग्रामीण सड़क अनुरक्षण कार्यों की निगरानी में भी आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित