श्रीगंगानगर , मई 07 -- राजस्थान में उत्तर-पश्चिमी रेलवे के सिवानी जंक्शन (हरियाणा) पर तैनात स्टेशन मास्टर रामरतन यादव पर 11 अप्रैल को हुए हमले में उनकी मौत के बाद बुधवार शाम को राजस्थान में चुरू जिले के सादुलपुर स्टेशन पर रेलवे कर्मियों ने दिवंगत यादव को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना से रेलवे विभाग में आक्रोश फैल गया है। सादुलपुर स्टेशन के एसएस सुरेश भाकर और यूनियन प्रतिनिधि कुलवंत स्वामी ने बताया कि 11 अप्रैल की रात सिवानी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे रामरतन यादव पर चार-पांच अज्ञात युवकों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्थर, डंडे और अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब तीन सप्ताह तक इलाज चला, लेकिन वह बच नहीं सके।
श्री यादव की मौत के बाद रेलवे कर्मचारियों में गुस्सा फूट पड़ा। सादुलपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धांजलि सभा के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी की और रेल प्रशासन पर आरोप लगाया कि स्टेशनों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की कमी के कारण कर्मचारी लगातार असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने हमलावरों को फांसी की सजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित