कौशांबी , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित फरार चल रहे 10000 रुपये के इनामी अभियुक्त को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के चकमाहपुर गांव निवासिनी सरोज देवी द्वारा गत 18 जनवरी को थाने में सूचना दर्ज कराई गयी कि जमीनी व संपत्ति बंटवारे के विवाद के चलते आरोपियों द्वारा उसके पुत्र शिवकुमार व आशीष को जान से मारने के लिए कट्टा से फायर किया और लाठी-डंडा से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में कौशांबी थाना क्षेत्र के नरेंद्र बारह गांव के विकास उर्फ भोला सहित पांच लोगों के विरुद्ध बीएन एस एस की धारा 115,191,109 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश के दौरान साक्ष्य मिलने पर चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की थी।
आरोपियों में विकास फरार चल रहा था जिस पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने 10000 रुपये का इनाम घोषित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित