जयपुर , अक्टूबर 16 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा है कि पहले प्रदेश की जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही थी लेकिन हमारी सरकार ने आते ही प्रदेश की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास का रोडमैप तैयार कर उस पर निरंतर काम किया जा रहा है और जनता को हर वर्ष काम का हिसाब भी दिया जा रहा हैं।
श्री शर्मा ने गुरुवार रात एक कार्यक्रम में कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांव, जमीन और जनता से जुड़ा राजनीतिक दल है, जिसके कार्यकर्ता 24 घंटे, महीने के 30 दिन और साल के 365 दिन जनता के बीच रहकर कार्य करते हैं। पार्टी को अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत पर पूरा भरोसा है। भाजपा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यों, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के आधार पर अपनी भूमिका निभाती है। भाजपा में ही यह संभव है कि एक सामान्य कार्यकर्ता बड़े से बड़े पद पर पहुंच सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने श्री मोदी को राजस्थान में पिछले पौने तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से पहले राजस्थान की स्थिति एक खंडहर मकान जैसी थी। किसान परेशान था, युवाओं के सपने टूट रहे थे, भ्रष्टाचार व्याप्त था और तुष्टीकरण की राजनीति के चलते प्रदेश की जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही थी, लेकिन हमारी सरकार ने आते ही प्रदेश की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास का रोडमैप तैयार किया, जिस पर सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का पहला और दूसरा वर्ष पूरा होने पर हमने जनता के बीच जाकर अपने काम का हिसाब दिया। यहां तक की विधानसभा के पटल पर दो साल बनाम पांच साल का दस्तावेज भी रखा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कांग्रेस की सरकार के मुकाबले तीन गुना से लेकर 28 गुना तक अधिक काम किए है, अभी तक इन आंकड़ों का कांग्रेस जवाब नहीं दे पाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित