पटना , फरवरी 12 -- बिहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट परिसर में एक वर्ष के अन्दर सातवीं बार और इसी सप्ताह में तीसरी बार बम रखे जाने का इमेल प्राप्त होने के बाद आज फिर से दहशत फैल गई और अदालती कामकाज बंद हो गया।
गुरूवार की सुबह र्ईमेल प्राप्त होने के बाद पटना सिविल कोर्ट के प्रभारी निबंधक ने तत्काल पुलिस को सूचित किया एवं जिला अधिवक्ता संघ के सचिव को सूचना देते हुए सुरक्षार्थ सिविल कोर्ट परिसर खाली करने का अनुरोध किया। साथ ही सभी न्यायिक पदाधिकारी ,कर्मचारी एवं आमजनो समेत किसी भी व्यक्ति का प्रवेश परिसर में बंद कर दिया गया।
वकीलों ने भी परिसर स्थित अपने बैठने की सभी जगह खाली कर दी और सिविल कोर्ट परिसर से बाहर चले गए। अदालती कामकाज पूरी तरह से बंद हो गया। इस बीच पटना पुलिस ने परिसर की तलाशी लेनी शुरू कर दी। भोजनावकाश से पूर्व पूरे परिसर की घनी तलाशी के बाद भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली तब जाकर न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई लेकिन इस बीच वकीलों ने अपने एक साथी महिला वकील डॉक्टर इंदिरा राज लक्ष्मी की संदिग्ध मृत्यु के कारण शोक सभा का आयोजन किया और पूरे दिन न्यायालय में काम नहीं किया।
गौरतलब है कि आज प्रातः न्यायालय का कार्य शुरू होने के पूर्व ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय में एक ई मेल प्राप्त हुआ जिसमें कहा गया था कि कोर्ट परिसर में 11:45 बजे पांच बम धमाके होंगे । एक वर्ष की अवधी में यह सातवीं बार और इस सप्ताह में तीसरी बार है जब पटना सिविल कोर्ट में बम ब्लास्ट किए जाने का इमेल प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व 25 अप्रैल 2025 और 29 अगस्त 2025 तथा 16 अक्टूबर 2025 एवं 08 जनवरी 2026 और 09 फरवरी 2026 के अलावा 11फरवरी 2026 को भी पटना सिविल कोर्ट में बम ब्लास्ट किए जाने का इमेल प्राप्त हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित