बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में स्थित एक हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर चोरी गया मुकुट बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में सारणी थाना पुलिस ने इस प्रकरण का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार शोभापुर कॉलोनी निवासी मुकेश सोनारे ने 14 जून को थाना सारणी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बगडोना स्थित हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित चांदी का मुकुट चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में शाहपुर निवासी करण पिता मनोज नामदेव (21) ने अपने एक अपचारी साथी के साथ मिलकर मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 60 हजार रुपये मूल्य का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया। पुलिस ने करण नामदेव और उसके अपचारी साथी को 15 जून को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उईके, सहायक उपनिरीक्षक शिवपाल सिंह इरपाचे तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित