अलवर , जून 27 -- राजस्थान के अलवर में गौड़ ब्राह्मण महासभा ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा भरतपुर में आयोजित एक सभा के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री के लिए कथित रूप से जातिसूचक एवं अपमानजनक भाषा की कड़ी आलोचना करते हुए इसे मर्यादा के विपरीत बताया है।
शनिवार को यहां महासभा की बैठक में उपस्थित महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े जनप्रतिनिधियों को गरिमापूर्ण और संयमित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार के बयान समाज में वैमनस्यता फैलाने का कार्य करते हैं और राजनीतिक संवाद की मर्यादा को भी ठेस पहुंचाते हैं।
महासभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस मामले को लेकर 29 जून को पूर्वाह्न 11 बजे जिला कलेक्टर काे राज्यपाल के नाम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित