बारां , अप्रैल 01 -- राजस्थान में बारां में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीहनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस पावन अवसर पर गुरुवार को दोपहर एक बजे श्रीराम स्टेडियम से विशाल पदयात्रा श्रीबड़ां बालाजी धाम के लिए रवाना होगी।
अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल ने बुधवार को बताया कि यह पदयात्रा इस वर्ष अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था और एकता का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने सनातन धर्मप्रेमी बंधुओं, विभिन्न हिन्दू सामाजिक संगठनों, समाजों के पदाधिकारियों एवं जिलेवासियों से अधिकाधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
पदयात्रा में क्षेत्र के गांवों मियाड़ा, कोयला, बोहत, ईश्वरपुरा, हिंगोनिया, रायथल, सीसवाली, मांगरोल, सीमली, सांकली, विजयपुर, आंखेड़ी, बोरेड़ी, चैनपुरिया, बमूलिया, तिसाया, भैरूपुरा, मजरावता, खेड़ली भेड़ोलिया सहित अन्य स्थानों से आने वाली पदयात्रियों का भी श्री बड़ां बालाजी धाम पर तिलक, माल्यार्पण एवं शर्बत पिलाकर स्वागत किया जाएगा।
इस पदयात्रा में महामंडलेश्वर रामनरेशदास महाराज, महामंडलेश्वर लक्ष्मणदास महाराज (सीसवाली), महंत फरसा वाले महाराज तपस्वी (शाहाबाद), महंत मधुसूदनदास (पार्वती पुलिया), धर्मदास महाराज, हनुमानदास महाराज, कल्याणदास महाराज, महंत रामदास महाराज (लटूरी), हाड़ौती मंडल कोतवाल जी, महंत माधवदास जी (राधापुरा) सहित जिले के कई संत-महापुरुष अपनी गरिमामयी उपस्थिति देंगे।
कार्यक्रम के तहत कल सायंकाल श्रीबड़ां बालाजी मंदिर परिसर में महाप्रसादी एवं मांगलिक भोज, सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित