जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान के उप मुख्यमंत्री, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि आमजन को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार का ध्येय है और हनुमानगढ़ के नोहर में बस स्टैंड निर्माण के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये स्वीकृत किये गये हैं।
डॉ. बैरवा प्रश्नकाल में विधायक अमित चाचान के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इसका कृषि विपणन बोर्ड द्वारा शीघ्र ही निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गत सरकार द्वारा राज्य में विभिन्न स्थानों पर बस डिपो बनाए जाने की घोषणाएं की गयी, लेकिन संचालन नहीं किया गया वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने केकड़ी बस डिपो की घोषणा कर संचालन भी कर दिया गया है।
इससे पहले श्री चाचान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि बजट 2023-24 की घोषणा में नोहर में बस डिपो खोला जाने संबंधी घोषणा की गयी थी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व में की गई बजट घोषणाओं की समीक्षा के बाद नोहर से संचालित निगम बसों की संख्या, डिपो की स्थापना लागत एवं निगम की बसों के सुगम संचालन की आवश्यकता के दृष्टिगत बस डिपो निर्माण के स्थान पर बस स्टैण्ड का निर्माण कराये जाने का निर्णय लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित