हनुमागनढ़ , अगस्त 16 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मेहताबगढ़ साहिब में रविवार को एक बार फिर तनावपूर्ण माहौल बना।
पूर्व मुख्य सेवादार बीबी हरमीतकौर खालसा अपनी संगत के साथ गुरुद्वारा परिसर पहुंचीं। उनके आने की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई।
विगत अक्टूबर 2025 से इस गुरुद्वारा के प्रबंधन को लेकर कानूनी जंग चल रही है। गुरुद्वारा प्रबंधन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने थे। स्थिति बिगड़ने पर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) ने थानाधिकारी को गुरुद्वारे का रिसीवर नियुक्त कर दिया था।
बीबी हरमीतकौर ने इस आदेश के खिलाफ पहले हनुमानगढ़ सत्र न्यायालय और फिर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की, लेकिन दोनों जगह याचिका खारिज हो गई। गत 12 अगस्त को राजस्थान उच्च न्यायालय ने एसडीएम के आदेश को बरकरार रखा। इसी फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव फिर बढ़ गया है।
इसी पृष्ठभूमि में बीबी हरमीतकौर के आज गुरुद्वारा पहुंचने पर प्रशासन ने शांति भंग न होने देने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गुरुद्वारा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
बीबी हरमीतकौर खालसा अपनी संगत के साथ करीब आधे घंटे तक गुरुद्वारा परिसर में रुकीं। उन्होंने मत्था टेका और शांतिपूर्वक बाहर निकल गईं। इस दौरान परिसर में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और शांति व्यवस्था बनी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित